रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारतीय संगीत जगत की महान गायिका और पद्म विभूषण से सम्मानित आशा भोसले के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है। उन्होंने अपने शोक संदेश में इस क्षति को भारतीय कला और संगीत जगत के लिए अपूरणीय बताया है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आशा भोसले के निधन का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। उन्होंने अपनी मधुर और विलक्षण आवाज के माध्यम से दशकों तक भारतीय संगीत को समृद्ध किया और करोड़ों लोगों के दिलों में एक विशेष स्थान बनाया। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि संगीत जगत में उनका अद्वितीय योगदान युगों-युगों तक अमर रहेगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए निरंतर प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिजनों और उनके दुनिया भर में फैले अनगिनत प्रशंसकों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने प्रार्थना की है कि प्रभु पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और सभी को इस गहरे दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।