दतिया। इंदरगढ़ क्षेत्र के ग्राम पचोखरा में आयोजित एक दंगल प्रतियोगिता उस समय अखाड़े के बजाय रणक्षेत्र में तब्दील हो गई, जब विजेता के फैसले को लेकर पहलवान और मैच रेफरी के बीच विवाद हो गया। मामूली बहस से शुरू हुआ यह मामला इतना बढ़ा कि पहलवानों के समर्थकों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिससे आयोजन स्थल पर अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई।
रेफरी के फैसले पर जताया विरोध
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुश्ती का मुकाबला समाप्त होने के बाद जब रेफरी ने विजेता की घोषणा की, तो एक पक्ष के पहलवान ने उस पर असहमति जताई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और समर्थक एक-दूसरे पर टूट पड़े। दंगल के मैदान में काफी देर तक लात-घूंसे चलते रहे, जिससे दर्शक अपनी जान बचाकर भागने लगे।
पुलिस के पहुंचने से पहले सुलझा विवाद
घटना की जानकारी मिलते ही इंदरगढ़ थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी गौरव शर्मा ने बताया कि पुलिस के पहुंचने पर स्थिति को नियंत्रित किया गया। हालांकि, मारपीट के बाद दोनों पक्षों ने आपसी समझाइश और सहमति से मामले को शांत कर लिया। पुलिस के मुताबिक, किसी भी पक्ष की ओर से थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, जिसके चलते फिलहाल कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।