नवगई हत्याकांड जांच के लिए कोरिया पहुंचा सीबीआई का 6 सदस्यीय दल, आज से शुरू होगी पड़ताल

कोरिया। बहुचर्चित नवगई हत्याकांड की जांच अब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के हाथों में पहुंच चुकी है। मामले की जांच के लिए सीबीआई का छह सदस्यीय दल रविवार को कोरिया जिले पहुंच गया। टीम चरचा स्थित पंचवटी अतिथि गृह (एसईसीएल, चरचा आर.ओ.) में ठहरी हुई है और सोमवार से मामले की औपचारिक जांच शुरू करेगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीबीआई की टीम सबसे पहले घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करेगी। इसके साथ ही अब तक की पुलिस जांच, केस डायरी, दस्तावेजों और उपलब्ध साक्ष्यों का विस्तृत परीक्षण किया जाएगा। जांच के दौरान मामले से जुड़े गवाहों, संबंधित अधिकारियों और अन्य महत्वपूर्ण व्यक्तियों से भी पूछताछ किए जाने की संभावना है।

सूत्रों के अनुसार, जांच को वैज्ञानिक आधार देने के लिए फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी जल्द कोरिया पहुंच सकती है। फोरेंसिक विशेषज्ञ घटनास्थल और उपलब्ध भौतिक साक्ष्यों का वैज्ञानिक विश्लेषण करेंगे, जिससे मामले के प्रत्येक पहलू की निष्पक्ष और तथ्यात्मक जांच सुनिश्चित हो सके।

सीबीआई जांच शुरू होने की खबर के बाद पूरे जिले में इस मामले को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। पीड़ित परिवार सहित आम नागरिकों को उम्मीद है कि केंद्रीय एजेंसी की निष्पक्ष जांच से घटना से जुड़े सभी तथ्य सामने आएंगे और यदि किसी स्तर पर लापरवाही या दोष पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल सीबीआई की ओर से जांच की रणनीति या प्रगति को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। माना जा रहा है कि प्रारंभिक जांच के बाद एजेंसी आवश्यकतानुसार संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ, दस्तावेजों की गहन समीक्षा तथा वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *