सुपेला में नशे के खिलाफ कार्रवाई: 2.25 किलो गांजा के साथ युवक गिरफ्तार

दुर्ग पुलिस का अभियान जारी, मौके से मोबाइल फोन भी जब्त

रमेश गुप्ता भिलाई। सुपेला क्षेत्र से एक युवक को अवैध गांजा बेचते हुए सुपेला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 2 किलो 250 ग्राम गांजा और एक महंगा मोबाइल फोन जब्त किया गया है।
थाना प्रभारी सुपेला राजेश साहु ने बताया कि 9 अप्रैल को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लक्ष्मी मार्केट कचरा मैदान स्थित बिजली ट्रांसफार्मर के पास एक व्यक्ति सफेद बोरी में गांजा रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सौरभ साखरे उर्फ सोनू (20 वर्ष), निवासी अंबेडकर नगर वार्ड 11, वैशाली नगर, भिलाई के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 2.25 किलो गांजा (कीमत लगभग1,10,000 रुपए) और एक आईफोन 12 प्रो (कीमत करीब 25,000 रुपए) बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
अवैध कमाई के लिए कर रहा था कारोबार
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से गांजा बेच रहा था। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि उसके संपर्क में और कौन लोग जुड़े हुए हैं।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में सउनि अजय शंकर अविनाशी, प्रधान आरक्षक अमर सिंह, आरक्षक उपेन्द्र सिंह, प्रकाशचन्द्र तिवारी एवं गंभीर जाट की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने तत्परता से कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *