वॉशिंगटन। अमेरिका और ईरान के बीच पिछले 40 दिनों से जारी भीषण जंग पर फिलहाल ब्रेक लग गया है। दोनों देश दो हफ्ते के सीजफायर (युद्ध-विराम) के लिए राजी हो गए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर इस फैसले की घोषणा करते हुए बताया कि उन्होंने पाकिस्तान की ओर से पेश किए गए शांति प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है। ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने भी इस युद्ध-विराम की पुष्टि कर दी है।
इस समझौते के तहत न केवल दो हफ्ते तक सैन्य गतिविधियां रुकी रहेंगी, बल्कि दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल मार्ग ‘होर्मुज जलडमरूमध्य’ (Strait of Hormuz) को भी तुरंत खोलने का फैसला किया गया है। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने अपने सभी सैन्य लक्ष्य पूरे कर लिए हैं और अब इन दो हफ्तों का इस्तेमाल ईरान के साथ एक स्थायी शांति समझौते तक पहुंचने के लिए किया जाएगा।
गौरतलब है कि कुछ घंटों पहले तक ट्रंप ईरान के बिजली घरों और बुनियादी ढांचों पर हमले की चेतावनी दे रहे थे, लेकिन अब उन्होंने कूटनीतिक रास्ते को प्राथमिकता दी है। ट्रंप के मुताबिक, तेहरान की ओर से 10 बिंदुओं का एक प्रस्ताव मिला है, जिसे बातचीत के लिए एक मजबूत आधार माना जा रहा है। इस सीजफायर से मध्य पूर्व सहित पूरी दुनिया ने राहत की सांस ली है, क्योंकि इससे वैश्विक तेल आपूर्ति और शांति बहाली की उम्मीदें बढ़ गई हैं।