रायगढ़ में मंत्री का रिश्तेदार बताकर मंत्रालय में नौकरी के नाम पर 22 लाख की ठगी, मामला दर्ज

रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मंत्रालय में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर चार लोगों से लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को कृषि मंत्री रामविचार नेताम का करीबी रिश्तेदार बताकर पीड़ितों से कुल 22 लाख 70 हजार रुपये ठग लिए। ठगी का अहसास होने पर पीड़ितों ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित समारू राम टंडन (51) की मुलाकात रायपुर में आरोपी राम ठाकुर (60) और उसकी पत्नी सोहद्रा बाई ठाकुर (55) से हुई थी। इस दौरान राम ठाकुर ने खुद को मंत्री का बहनोई बताते हुए मंत्रालय में अपनी ऊंची पहुंच का दावा किया। आरोपी ने समारू राम को भरोसा दिलाया कि वह उनके बेटे की नौकरी मंत्रालय में डेटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर लगवा सकता है।

आरोपी की बातों में आकर समारू राम और उनके तीन परिचितों ने सरकारी नौकरी पाने के लालच में अलग-अलग किश्तों में कुल 22.70 लाख रुपये सौंप दिए। रकम लेने के बाद आरोपी दंपती ने पीड़ितों को अपने घर बुलाकर फर्जी नियुक्ति पत्र (अपॉइंटमेंट लेटर) भी थमा दिए। हालांकि, जब जॉइनिंग की बारी आई तो आरोपी लगातार बहानेबाजी और टालमटोल करने लगा।

काफी समय बीत जाने के बाद भी जब किसी की जॉइनिंग नहीं हुई, तब पीड़ितों को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सिटी कोतवाली थाना पुलिस इस फर्जीवाड़े की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *