बिलासपुर में सड़क हादसा: जीजीयू के दो वरिष्ठ प्रोफेसरों की कार को ट्रक ने मारी टक्कर, बाल-बाल बची जान

Bilaspur Breaking :

बिलासपुर। शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक तेज रफ्तार ट्रक ने गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (जीजीयू) के दो वरिष्ठ प्रोफेसरों की कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन सौभाग्य से कार सवार पति-पत्नी सुरक्षित हैं। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फ्रेंड्स रेसिडेंसी निवासी अमित सक्सेना विश्वविद्यालय के कंप्यूटर साइंस विभाग में सीनियर प्रोफेसर हैं। सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे वह अपनी पत्नी और राजनीति शास्त्र विभागाध्यक्ष अनुपमा सक्सेना के साथ विश्वविद्यालय से लंच के लिए घर लौट रहे थे। इसी दौरान गुप्ता डेयरी के पास पीछे से आ रहे एक ट्रक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार की डिक्की, बंपर और दाहिनी तरफ का दरवाजा पूरी तरह पिचक गया।

घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। प्रोफेसर दंपति ने तत्काल सरकंडा थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि प्रोफेसर अनुपमा सक्सेना छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी और वर्तमान पंचायत संचालक तारण प्रकाश सिन्हा की बहन हैं। उनकी भाभी श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा भी वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी हैं और वर्तमान में रायपुर ग्रामीण एसपी के पद पर कार्यरत हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *