लोहंडीगुड़ा में भीषण सड़क हादसा: शादी से लौट रहे ग्रामीणों की पिकअप पलटी, 2 की मौत और 37 घायल

जगदलपुर। लोहंडीगुड़ा थाना क्षेत्र के घोटिया चौकी अंतर्गत ढाबामारी में एक भीषण सड़क हादसे में दो ग्रामीणों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 37 अन्य घायल हुए हैं। जानकारी के अनुसार, सिरिसगुड़ा निवासी ग्रामीण पिकअप वाहन में सवार होकर ओरछा के रेंगाबेड़ा में आयोजित एक विवाह समारोह से वापस लौट रहे थे, तभी वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोहंडीगुड़ा पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। मृतकों की पहचान सिबो और मिटको के रूप में की गई है। पुलिस की प्राथमिक जांच में हादसे की मुख्य वजह वाहन में क्षमता से अधिक सवारियां भरना और असंतुलन होना माना जा रहा है।

क्षेत्र में ओवरलोडिंग के कारण होने वाला यह दूसरा बड़ा हादसा है। इससे पहले सोमवार को भी एक ओवरलोड ट्रैक्टर के पलटने से 15 ग्रामीण घायल हो गए थे, जिनमें से 3 की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और ग्रामीणों से मालवाहक वाहनों में सफर न करने की अपील की है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *