अंबिकापुर–बिलासपुर नेशनल हाईवे पर चक्का जाम, हादसे में तीन महिलाओं की मौत के बाद ग्रामीणों का उग्र प्रदर्शन ।

अंबिकापुर, बिलासपुर नेशनल हाईवे 130 पर उस समय हालात तनावपूर्ण हो गए, जब मणिपुर थाना क्षेत्र के जोगीबाँध चौक के पास आक्रोशित ग्रामीणों ने चक्का जाम कर दिया।
ग्रामीणों ने बीच सड़क पर शव वाहन को रख कर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

बताया जा रहा है कि यह प्रदर्शन बीती देर शाम भिट्ठीकला (मांझापारा) में हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद शुरू हुआ, जिसमें तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की चपेट में आने से तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई थी।
इस घटना से नाराज ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर उतरकर प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध जताया।

करीब एक घंटे से अधिक समय तक चले इस चक्का जाम के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लगातार ग्रामीणों को समझाइश देते रहे। स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं, लेकिन ग्रामीण उचित मुआवजे की मांग पर अड़े हुए हैं।

वहीं, प्रशासन की ओर से पोस्टमार्टम के बाद तीनों मृतकों के परिजनों को तत्काल 25-25 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई है।
इसके बावजूद ग्रामीणों का आक्रोश कम नहीं हुआ है और वे उचित मुआवजा व कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है, जबकि प्रशासन हालात को जल्द सामान्य करने की कोशिश में जुटा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *