सोनहत, कोरिया। कोरिया जिले के जनपद पंचायत सोनहत क्षेत्र में इन दिनों पिछले कुछ समय से क्षेत्र में बाहरी लोगों की आवाजाही अचानक बढ़ गई है। स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, ये बाहरी व्यक्ति न केवल दिन भर क्षेत्र में सक्रिय रहते हैं, बल्कि रात के समय भी यहीं निवास कर रहे हैं। इस संदिग्ध आवाजाही के बीच क्षेत्र में चोरी की घटनाओं में भी इजाफा हुआ है, नशे का कारोबार इस कदर फैल चुका है कि दिन-दहाड़े नाबालिग और बालिग युवक गांजे के नशे में धुत्त देखे जा सकते हैं। सबसे बड़ा सवाल प्रशासन और पुलिस के सामने यह है कि आखिर इस क्षेत्र में गांजे की इतनी बड़ी खेप पहुँच कहाँ से रही है? नशे की यह लत विशेष रूप से नाबालिग बच्चों को अपनी चपेट में ले रही है, नशा करने वाले इन बच्चों के अभिभावक भी उनकी गतिविधियों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं, जिसका परिणाम गंभीर अपराधों के रूप में सामने आ रहा है। नशे की लत को पूरा करने के लिए ये युवक चोरी जैसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों के पीछे नशेड़ियों और बाहरी संदिग्धों का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय निवासीयों का कहना है कि यदि समय रहते नशा और चोरी पर अंकुश नहीं लगाया गया, तो आने वाले समय में स्थिति बेकाबू हो सकती है।
ग्रामीणों का कहना है कि:
● रात के समय पुलिस की पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए।
● बाहरी व्यक्तियों की पहचान और उनके निवास के कारणों की जांच की जाए।
● गांजा तस्करी के मुख्य स्रोतों का पता लगाकर तस्करों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।