छत्तीसगढ़ में वित्तीय सेवाएं हुईं और डिजिटल – संचालनालय कोष एवं लेखा की नई पहल..

रमेश गुप्ता रायपुर । राज्य में वित्तीय प्रबंधन को अधिक पारदर्शी, त्वरित और प्रभावी बनाने की दिशा में संचालनालय कोष एवं लेखा द्वारा महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। विभाग ने नागरिकों, शासकीय संस्थाओं एवं अन्य हितधारकों को आधुनिक और सुलभ सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कई नई डिजिटल सेवाओं की शुरुआत की है।
इसी कड़ी में ई-चालान (E-Challan) के अंतर्गत ओटीसी (OTC) प्रणाली को 01 अप्रैल 2026 से लागू किया गया है। अब सभी प्रकार की शासकीय प्राप्तियों के लिए नागरिक और संस्थाएं ऑनलाइन चालान तैयार कर आसानी से भुगतान कर सकेंगे। इस व्यवस्था से भुगतान प्रक्रिया सरल, समयबद्ध एवं पारदर्शी बनेगी, साथ ही लेखांकन कार्य में भी सुविधा होगी।
इसके अलावा, कोषालयों में ऑनलाइन बीटीआर (BTR) सुविधा भी प्रारंभ की गई है, जिससे वित्तीय लेन-देन की प्रक्रिया और अधिक व्यवस्थित होगी।
राज्य में एक केंद्रीय कोषालय (Central Treasury) का शुभारंभ भी किया गया है। इस नई व्यवस्था के तहत भारत सरकार से प्राप्त राशि के लिए उपयोग होने वाली SNA SPARSH प्रणाली से जुड़े भुगतानों का संचालन अब केंद्रीकृत और पारदर्शी तरीके से किया जाएगा, जिससे कार्यक्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। आईएएस पद्मिनी भोई साहू (संचालक, कोष एवं लेखा ) ने बताया कि संचालनालय कोष एवं लेखा की नई वेबसाइट (dta.cg.gov.in) भी लॉन्च की गई है। इस वेबसाइट पर उपयोगकर्ताओं को विभाग से संबंधित ताजा जानकारी, विभिन्न ऑनलाइन सेवाएं और आवश्यक सुविधाएं एक ही मंच पर उपलब्ध होंगी।
संचालनालय का यह अभिनव प्रयास राज्य में वित्तीय प्रशासन को आधुनिक स्वरूप प्रदान करने और डिजिटल गवर्नेंस को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *