मरीजों को मिलेगी राहत, कोरिया जिले में 108 संजीवनी एक्सप्रेस के तहत 5 नई एम्बुलेंस तैनात

विधायक व कलेक्टर ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, दूरस्थ क्षेत्रों को मिलेगा लाभ

कोरिया, 01 अप्रैल 2026
छत्तीसगढ़ में 108 संजीवनी एक्सप्रेस परियोजना के अंतर्गत कोरिया जिले को 7 नई एम्बुलेंस की सौगात मिली है। विधायक श्री भइया लाल राजवाड़े एवं कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने मौके पर 5 एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने कहा कि नई एम्बुलेंस मिलने से मरीजों को राहत मिलेगी तथा आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी। उन्होंने बताया कि इन सेवाओं के माध्यम से दुर्घटना एवं गंभीर बीमारियों की स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।

जिले में प्राप्त एम्बुलेंसों में एडवांस लाइफ सपोर्ट एवं बेसिक लाइफ सपोर्ट दोनों प्रकार की सुविधाएं शामिल हैं। इनमें से 2 एम्बुलेंस
एडवांस लाइफ सपोर्ट तथा 5 एम्बुलेंस बेसिक लाइफ सपोर्ट श्रेणी की हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एम्बुलेंसों की तैनाती सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रामगढ़, पटना, सोनहत, जिला अस्पताल बैकुण्ठपुर तीन तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बचरापोड़ी में एक एम्बुलेंस तैनात रहेगी। इन स्थानों पर तैनाती से विशेष रूप से दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले मरीजों को त्वरित चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 108 संजीवनी एक्सप्रेस सेवा के सुदृढ़ संचालन से जिले में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की पहुंच और बेहतर होगी, जिससे समय पर उपचार मिल पाने से मरीजों के जीवन की रक्षा में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *