अप्रैल महीने की पहली तारीख को आम जनता के लिए मिली-जुली खबरें सामने आई हैं। एक तरफ जहां भारी संकट और क्राइसिस के बीच घरेलू रसोई गैस (LPG) की कीमतों में कोई बढ़ोतरी न करके सरकार ने राहत दी है, वहीं दूसरी तरफ कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाकर कारोबारियों और बाहर खाना खाने वालों को तगड़ा झटका दिया है।
बुधवार को तेल कंपनियों ने कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में भारी इजाफा किया है, जिससे अब इसकी कीमत 2200 रुपए के पार पहुंच गई है। गौरतलब है कि इस साल में यह 5वीं बार है जब कमर्शियल सिलेंडर महंगा हुआ है। आंकड़ों के मुताबिक, बीते 4 महीनों में ही कमर्शियल सिलेंडर करीब 500 रुपए तक महंगा हो चुका है।
घरेलू सिलेंडर के दाम स्थिर
पिछले महीने 7 मार्च को घरेलू सिलेंडर में 60 रुपए की बढ़ोतरी हुई थी। कयास लगाए जा रहे थे कि अप्रैल में भी दाम बढ़ेंगे, लेकिन आईओसीएल (IOCL) के आंकड़ों के अनुसार कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में यह 913 रुपए और मुंबई में 912.50 रुपए पर बरकरार है। प्रशासन ने उन लोगों से सिलेंडर सरेंडर करने की अपील भी की है जिनके पास पीएनजी (PNG) कनेक्शन है, ताकि गैस की किल्लत को दूर किया जा सके।
महानगरों में कमर्शियल सिलेंडर का हाल:
दिल्ली: 195.5 रुपए की बढ़त के साथ अब दाम 2078.50 रुपए हुए।
कोलकाता: सबसे ज्यादा 218 रुपए की बढ़ोतरी, अब कीमत 2208 रुपए।
मुंबई: 196 रुपए महंगा होकर अब 2031 रुपए में मिलेगा।
चेन्नई: 203 रुपए के इजाफे के साथ नई कीमत 1739.50 रुपए।