पटना। बिहार की राजधानी में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यक्रम के दौरान छात्रों के विरोध के चलते हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई। सीएम पटना यूनिवर्सिटी के नए प्रशासनिक भवन के उद्घाटन के लिए पहुंचे थे, तभी कार्यक्रम स्थल पर छात्रों ने नाराजगी जताते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छात्रों ने उद्घाटन कार्यक्रम में पटना यूनिवर्सिटी छात्र संघ के पदाधिकारियों एवं अन्य छात्रों को आमंत्रित नहीं किए जाने पर आक्रोश व्यक्त किया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही छात्रों के एक समूह ने ‘नीतीश कुमार गो बैक’ के नारे लगाने शुरू कर दिए, जिससे माहौल अफरा-तफरी का हो गया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा भी उपस्थित थे। विरोध के दौरान एनडीए समर्थक छात्रों ने भी ‘जिंदाबाद’ के नारे लगाए, जिससे तनाव बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक नारेबाजी चलती रही।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा और शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने छात्रों से वार्ता का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार को छात्रों के तीखे विरोध का सामना करना पड़ा, जिसके बाद उन्हें वहां से जाना पड़ा। सुरक्षा व्यवस्था को कड़ी कर दी गई।
हंगामे के बावजूद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना यूनिवर्सिटी के नए प्रशासनिक भवन का उद्घाटन किया। पूरे घटनाक्रम ने छात्रों के असंतोष को स्पष्ट कर दिया, जो खुले विरोध के रूप में सामने आया।
