रायपुर: देश को नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त करने के प्रयासों को लेकर आज लोकसभा में महत्वपूर्ण चर्चा होने जा रही है। यह बहस ऐसे समय में हो रही है जब केंद्र सरकार द्वारा तय की गई 31 मार्च 2026 की समयसीमा समाप्त होने में अब केवल एक दिन शेष है। इस विषय पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस चर्चा में छत्तीसगढ़ का ही सबसे ज्यादा जिक्र होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारी मात्रा में नक्सलवाद छत्तीसगढ़ में ही बचा हुआ था और पिछले चार दशकों से यह राज्य के विकास में सबसे बड़ा रोड़ा बना हुआ था। अब इसे समाप्त करने में सफलता मिल रही है, जो प्रदेश के भविष्य के लिए बहुत सुखद है।
लोकसभा सचिवालय ने इस विषय को नियम 193 के तहत अल्पकालिक चर्चा के लिए सूचीबद्ध किया है। इस नियम के अंतर्गत होने वाली चर्चा में मतदान नहीं कराया जाता, लेकिन संबंधित विषय पर सरकार के लिए जवाब देना अनिवार्य होता है। माना जा रहा है कि इस चर्चा के दौरान छत्तीसगढ़ में चलाए गए अभियानों और वहां मिली सफलताओं का विशेष उल्लेख होगा, क्योंकि लंबे समय तक देश में नक्सलवाद का सबसे अधिक प्रभाव इसी राज्य में रहा है।
वायु सेवा विस्तार पर मुख्यमंत्री की जानकारी नक्सलवाद के मुद्दे के साथ ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश में वायु सेवाओं के विस्तार को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि अंबिकापुर से दिल्ली और कोलकाता के लिए नई फ्लाइट सेवाएं शुरू होने जा रही हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि बीती रात बिलासपुर एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग और टेक-ऑफ की सुविधा का विधिवत शुभारंभ हो गया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में वायु सेवाओं का लगातार विस्तार हो रहा है, जिससे कनेक्टिविटी बेहतर होगी।