IPL 2026 : RCB ने रचा इतिहास, सनराइजर्स के खिलाफ पहली बार किया यह ‘विराट’ धमाका

RCB vs SRH : बेंगलुरु: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के उद्घाटन मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने अपने घरेलू मैदान पर इतिहास रच दिया है। चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मैच में आरसीबी ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को 6 विकेट से हराकर टूर्नामेंट का विजयी आगाज किया। यह जीत न केवल दो अंकों के लिहाज से महत्वपूर्ण रही, बल्कि आरसीबी ने आईपीएल इतिहास में पहली बार हैदराबाद के खिलाफ 190 से अधिक रनों का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल करने का नया कीर्तिमान भी स्थापित किया।

हैदराबाद का पहाड़ जैसा स्कोर
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत आक्रामक रही। कप्तान ईशान किशन ने कप्तानी पारी खेलते हुए आरसीबी के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। किशन ने महज 38 गेंदों में 80 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 5 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। मध्यक्रम में अनिकेत वर्मा (18 गेंद, 43 रन) और हेनरिक क्लासेन (31 रन) के योगदान की बदौलत हैदराबाद ने निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर 201 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। आरसीबी की ओर से जैकब डफी और रोमेरियो शेफर्ड सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3-3 विकेट चटकाए।

पडिक्कल और कोहली का ‘पावरप्ले’
202 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत उतार-चढ़ाव भरी रही, लेकिन टीम प्रबंधन का ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ दांव मास्टरस्ट्रोक साबित हुआ। जैकब डफी की जगह मैदान पर आए देवदत्त पडिक्कल ने आते ही मैच का रुख पलट दिया। पडिक्कल ने केवल 26 गेंदों पर 61 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर हैदराबाद के गेंदबाजों को बैकफुट पर धकेल दिया।

दूसरी छोर पर ‘किंग’ विराट कोहली ने अपनी क्लास दिखाते हुए एंकर की भूमिका निभाई। कोहली ने 38 गेंदों पर नाबाद 69 रनों की पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 5 छक्के जड़े। अंत में कप्तान रजत पाटीदार ने महज 12 गेंदों में 31 रन कूटकर रही-सही कसर पूरी कर दी।

15.4 ओवर में ही खत्म हुआ खेल
आरसीबी के बल्लेबाजों ने इस कदर तबाही मचाई कि 202 रनों का लक्ष्य महज 15.4 ओवर में ही बौना साबित हुआ। बेंगलुरु ने 4 विकेट खोकर 203 रन बनाए और मैच को 6 विकेट से अपने नाम कर लिया। हैदराबाद के खिलाफ पहली बार 190+ का टारगेट चेज कर आरसीबी ने सीजन के पहले ही मैच में बाकी टीमों को कड़ी चेतावनी दे दी है। पडिक्कल और कोहली के बीच हुई शतकीय साझेदारी इस जीत की मुख्य कड़ी रही।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *