दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना से ग्रामीणों को राहत
कोरिया, 27 मार्च 2026/ छत्तीसगढ़ सरकार की जनकल्याणकारी योजना के तहत भूमिहीन कृषि मजदूरों को आर्थिक सहायता मिलनी शुरू हो गई है। इसी क्रम में पटना नगर पंचायत निवासी शिवचरण के खाते में 10 हजार रुपये की राशि प्राप्त होने पर उन्होंने खुशी जताते हुए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।
विगत दिनों मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बलौदाबाजार-भाटापारा जिले से दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों के खाते में डीबीटी के माध्यम से एकमुश्त 10 हजार रुपये की राशि अंतरित की थी। इस पहल का लाभ कोरिया जिले के हितग्राहियों को भी मिल रहा है।
शिवचरण को पटना नगर पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया। उन्होंने राशि मिलने पर कहा कि यह योजना गरीबों के लिए बेहद सहायक है और सरकार जरूरतमंदों के हित में कार्य कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि सरकार सभी वर्गों की चिंता करते हुए उन्हें लाभ पहुंचाने का कार्य कर रही है।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को एकमुश्त 10 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जा रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक संबल मिल रहा है।