मालगांव में पानी संकट पर राहत, टैंकर वितरण से ग्रामीणों को मिली राहत

लंबे समय से पानी की समस्या से जूझ रहे गांव में पहुंचा टैंकर, जनप्रतिनिधि की पहल रंग लाई

कांकेर। जिले के ग्राम मालगांव में लंबे समय से जारी पेयजल संकट के बीच राहत भरी खबर सामने आई है। जिला पंचायत सदस्य मृदुला भास्कर की पहल पर 26 मार्च को गांव में पानी टैंकर का वितरण किया गया, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।

गांव में काफी समय से पानी की गंभीर समस्या बनी हुई थी। गर्मी बढ़ने के साथ हालात और बिगड़ते जा रहे थे, जिससे ग्रामीणों को पेयजल के लिए दूर-दूर तक भटकना पड़ रहा था। ऐसे में पानी टैंकर की व्यवस्था होने से लोगों ने राहत की सांस ली है।

टैंकर वितरण के दौरान ग्राम सरपंच तेजूराम उसेंडी, वार्ड क्रमांक पांच के सदस्य सहित गांव के वरिष्ठ नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि पानी की समस्या से जूझ रहे गांव के लिए यह कदम बेहद जरूरी था।

स्थानीय लोगों का कहना है कि टैंकर आने से फिलहाल राहत मिली है, लेकिन स्थायी समाधान के लिए भी प्रयास किए जाने की जरूरत है, ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या दोबारा न हो।

गौरतलब है कि जिले के कई ग्रामीण क्षेत्रों में गर्मी के मौसम में जल संकट गहराता है, ऐसे में समय पर की गई यह व्यवस्था ग्रामीणों के लिए राहत लेकर आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *