एटीएम उखाड़कर चोरी करने वाला अंतरराज्यीय गिरोह गिरफ्तार

दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, यूपी के दो आरोपी दबोचे
रमेश गुप्ता भिलाई । दुर्ग पुलिस ने एटीएम मशीन उखाड़कर चोरी करने की कोशिश करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी सुनसान इलाकों में स्थित एटीएम को निशाना बनाकर योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम देते थे।
पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर 2025 की रात करीब 2 बजे थाना नंदिनी नगर क्षेत्र के ग्राम ननकट्ठी बस स्टैंड के पास लगे एटीएम को अज्ञात बदमाशों ने उखाड़ने का प्रयास किया था। घटना की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
रेकी कर चुनते थे टारगेट
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी उत्तरप्रदेश से आकर रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में पहले रेकी करते थे। वे हाईवे किनारे और सुनसान जगहों पर स्थित एटीएम को टारगेट बनाते थे।
चोरी की गाड़ी से करते थे वारदात
आरोपियों ने ग्राम गनियारी से मेटाडोर वाहन चोरी कर उसका इस्तेमाल किया। रस्सियों और उपकरणों से एटीएम मशीन को वाहन से बांधकर खींचने की कोशिश की गई, लेकिन आसपास लोगों के जागने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।
तकनीकी साक्ष्य से मिला सुराग
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य और अंतरराज्यीय समन्वय के आधार पर मध्यप्रदेश के कटनी जिले में गिरफ्तार आरोपी आरीफ उर्फ बाठू और अहसान उर्फ एहसास की संलिप्तता सामने आई। दोनों को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया।
बेहद शातिर था गिरोह का तरीका
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी—
वारदात के समय मोबाइल बंद रखते थे
इंटरनेट कॉलिंग से संपर्क करते थे
सीसीटीवी कैमरों पर पेंट/ग्रीस लगाकर फुटेज खराब करते थे
हर बार अलग वाहन का इस्तेमाल कर नंबर प्लेट बदल देते थे
टोल नाकों से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करते थे
होटल-ढाबों में रुकने से बचते थे
फेरी और ड्राइविंग के बहाने करते थे रेकी
आरोपी कपड़े बेचने और ड्राइविंग का काम करने के बहाने इलाके में घूमते थे, ताकि एटीएम की पूरी जानकारी जुटा सकें।
गिरफ्तार आरोपी
आरीफ उर्फ बाठू (35), जिला मेरठ (उ.प्र.)
अहसान उर्फ एहसास (35), जिला शामली (उ.प्र.)
जप्त सामग्री
मेटाडोर वाहन (CG 07 AV 1310)
रस्सी व अन्य उपकरण
पहले से दर्ज हैं कई मामले
आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश में पहले से कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें एनडीपीएस एक्ट के मामले भी शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *