कोरिया में आयुष विभाग की अनूठी पहल : प्रदेश में पहली बार वितरित किया गया पारंपरिक ‘पानकम’

आयुष विभाग की अनूठी पहल, कोरिया बना ऐसा करने वाला प्रदेश का पहला जिला

कोरिया, 26 मार्च 2026/ संचालनालय आयुष, रायपुर के निर्देश तथा कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिला आयुष विभाग द्वारा नवरात्रि पर्व के अवसर पर जिले के प्रसिद्ध रमदईया मंदिर में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में विशेष रूप से बालिकाओं एवं महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।

जिला आयुष अधिकारी डॉ. एलविना ग्रेस टोप्पो ने बताया कि इस वर्ष प्रदेश में पहली बार कोरिया जिले में इस प्रकार की पहल की गई है, जिसमें 150 से अधिक श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को निःशुल्क 20 एम.एल. पानकम वितरित किया गया। उन्होंने जानकारी दी कि रामनवमी के दिन भी इसका वितरण किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि पानकम बनाने में सोंठ, गुड़, इलायची, तुलसी, काली मिर्च, नींबू एवं भीमसेनी कपूर का उपयोग किया गया है। यह पेय गर्मी के मौसम में पेट की गर्मी से राहत देता है, पाचन शक्ति को मजबूत करता है और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में सहायक होता है। इसे उपवास के दौरान भी सेवन किया जा सकता है।

उल्लेखनीय है कि पानकम (जिसे पानक या पानगम भी कहा जाता है) दक्षिण भारत का एक पारंपरिक मीठा पेय है, जिसे विशेष रूप से रामनवमी सहित अन्य हिंदू त्योहारों पर प्रसाद के रूप में वितरित किया जाता है, खासकर गर्मियों के मौसम में।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *