बेंगलुरु। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के गलियारों से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। लीग की सबसे लोकप्रिय और मौजूदा चैंपियन टीम, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) अब नए हाथों में जा चुकी है। दिग्गज कारोबारी कुमार मंगलम बिड़ला के ‘आदित्य बिड़ला ग्रुप’ सहित चार बड़ी कंपनियों के एक समूह (कंसोर्टियम) ने RCB को रिकॉर्ड तोड़ ₹16,600 करोड़ ($1.78 बिलियन) में खरीद लिया है।
राजस्थान रॉयल्स को पछाड़कर बनी सबसे महंगी टीम दिलचस्प बात यह है कि एक ही दिन में आईपीएल की दो दिग्गज टीमों के मालिकों का ऐलान हुआ। पहले राजस्थान रॉयल्स को काल सोमानी और उनके साथियों ने ₹15,400 करोड़ में खरीदा, लेकिन कुछ ही घंटों बाद RCB की इस महाडील ने उसे भी पीछे छोड़ दिया। अब बेंगलुरु आईपीएल इतिहास की सबसे मूल्यवान फ्रेंचाइजी बन गई है।
इन दिग्गजों के पास होगी कमान RCB को खरीदने वाले इस पावरफुल ग्रुप में आदित्य बिड़ला ग्रुप के अलावा ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’, अमेरिकी निवेश फर्म ‘ब्लैकस्टोन’ और डेविड ब्लिट्जर की ‘बोल्ट वेंचर्स’ शामिल हैं। इस नई व्यवस्था के तहत आर्यमान विक्रम बिड़ला टीम के चेयरमैन की भूमिका निभाएंगे, जबकि सत्यन गजवानी वाइस-चेयरमैन होंगे।
2008 से अब तक का सफर: 455 करोड़ से 16,600 करोड़ तक जब 2008 में आईपीएल शुरू हुआ था, तब विजय माल्या ने इस टीम को महज 455 करोड़ रुपये में खरीदा था। पिछले 18 सालों में टीम ने भले ही ट्रॉफी के लिए लंबा इंतजार किया हो, लेकिन इसकी ब्रांड वैल्यू में करीब 36 गुना का इजाफा हुआ है।
WPL टीम भी हुई शामिल इस डील की सबसे खास बात यह है कि नए मालिकों को सिर्फ पुरुषों की आईपीएल टीम ही नहीं, बल्कि महिला प्रीमियर लीग (WPL) की मौजूदा चैंपियन टीम का मालिकाना हक भी मिल गया है। हालांकि, फैंस के लिए राहत की बात यह है कि आईपीएल 2026 सीजन तक मौजूदा मैनेजमेंट (डिएजियो ग्रुप) ही टीम की कमान संभालेगा और नए मालिक अगले साल से पूरी तरह चार्ज लेंगे।