शेयर मार्केट : क्या मंगलमय होगा मंगलवार, ट्रंप के एक पोस्ट से पलटी ग्लोबल बाजार की बाजी… भारत को कितना फायदा

Share Market Live : सोमवार की ऐतिहासिक गिरावट के बाद आज भारतीय शेयर बाजार (Share Market) के निवेशकों के लिए राहत भरी सुबह हो सकती है। ग्लोबल मार्केट और गिफ्ट निफ्टी (Gift Nifty) से मिल रहे धमाकेदार संकेत बता रहे हैं कि दलाल स्ट्रीट पर आज रौनक लौटने वाली है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने न केवल युद्ध की आशंकाओं को कम किया है, बल्कि वैश्विक अर्थव्यवस्था में नई जान फूंक दी है।

ट्रंप का वो ‘संदेश’ जिसने बदली तस्वीर

पिछले कई हफ्तों से युद्ध की आग में झुलस रहे बाजारों के लिए सोमवार की शाम एक टर्निंग पॉइंट साबित हुई। डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ ‘सकारात्मक बातचीत’ और अगले 5 दिनों तक हमले टालने का ऐलान किया। इस खबर के आते ही वॉल स्ट्रीट पर जबरदस्त तेजी देखी गई और S&P 500 से लेकर NASDAQ तक हरे निशान में बंद हुए। हालांकि ईरान की ओर से सीधी बातचीत से इनकार के बाद बढ़त थोड़ी सीमित रही, लेकिन निवेशकों का सेंटिमेंट अब भी पॉजिटिव बना हुआ है।

गिफ्ट निफ्टी में 900 अंकों का उछाल

सोमवार को भारतीय निवेशकों ने करीब 13.65 लाख करोड़ रुपये गंवाए थे, लेकिन शाम होते-होते गिफ्ट निफ्टी ने पूरी तस्वीर बदल दी। इसमें करीब 900 अंकों (4%) की जोरदार तेजी देखी गई। मंगलवार सुबह भी गिफ्ट निफ्टी 2% ऊपर ट्रेड कर रहा है, जो इशारा है कि बाजार खुलते ही कल के नुकसान की बड़ी भरपाई हो सकती है।

इन 4 मोर्चों पर भारत को होगा बड़ा फायदा:

  • कच्चे तेल में सुनामी: ट्रंप के बयान के बाद ब्रेंट क्रूड की कीमतें 11% तक टूटकर 100 डॉलर प्रति बैरल के नीचे आ गईं। भारत अपनी जरूरत का 85% तेल आयात करता है, ऐसे में तेल सस्ता होना भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए बूस्टर डोज जैसा है।
  • पेंट्स और टायर सेक्टर की चांदी: एशियन पेंट्स और एमआरएफ जैसे शेयरों के लिए कच्चा तेल मुख्य इनपुट कॉस्ट है। लागत कम होने से इन कंपनियों के मुनाफे में बड़ा उछाल आने की उम्मीद है।
  • रुपये को मिलेगी मजबूती: तेल की कीमतें गिरने से डॉलर पर खर्च कम होगा, जिससे रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच चुका भारतीय रुपया फिर से मजबूती की राह पर लौटेगा।
  • ऑटो और सीमेंट में तेजी: तेल सस्ता होने से लॉजिस्टिक और माल ढुलाई की लागत घटेगी, जिसका सीधा फायदा सीमेंट और ऑटो सेक्टर की कंपनियों को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *