शराबी पति की हत्या कर पत्नी-पुत्र ने फांसी पर लटकाया शव, पारिवारिक विवाद बना वजह

कोरिया। जिले के पटना थाना पुलिस ने हत्याकांड का सफलतापूर्वक खुलासा किया है, जिसमें एक व्यक्ति की हत्या उसकी अपनी पत्नी और पुत्र ने मिलकर की थी। आरोपियों ने हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फांसी पर लटका दिया था। पटना पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।जानकारी के अनुसार, बीते 25 फरवरी 2026 को ग्राम कटकोना स्थित कलारी में कार्यरत बसंत लाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु होने की सूचना मिली थी।

प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर, पुलिस अधीक्षक रवि कुर्रे के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. सुरेशा चौबे और एसडीओपी राजेश साहू के मार्गदर्शन में पटना थाना पुलिस द्वारा गंभीरता से विवेचना प्रारंभ की गई।जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मृतक बसंत लाल शराब पीने का आदी था। वह नियमित रूप से कार्य पर उपस्थित नहीं होता था और घर के खर्च में भी सहयोग नहीं करता था। इन्हीं कारणों से उसके परिवार में लगातार विवाद की स्थिति बनी रहती थी। पारिवारिक कलह ने इतना गंभीर रूप ले लिया था कि पत्नी और पुत्र ने मिलकर एक खौफनाक साजिश रच डाली।सूक्ष्म जांच, साक्ष्य संकलन और गहन पूछताछ के पश्चात पुलिस को शंका हुई और आखिरकार यह स्पष्ट हो गया कि मृतक की पत्नी शालू एवं पुत्र विजेंद्र ने आपसी षड्यंत्र रचकर बसंत लाल की हत्या की थी। दोनों आरोपियों ने लकड़ी से बेरहमी से प्रहार कर मृतक के गले एवं शरीर पर गंभीर चोटें पहुंचाईं, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। इस जघन्य अपराध को छिपाने और आत्महत्या का रूप देने के उद्देश्य से आरोपियों ने मृतक के शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया था।थाना प्रभारी प्रमोद पांडे के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक राजवाड़े एवं थाना स्टाफ ने तत्परता एवं सूझबूझ से कार्य करते हुए इस जटिल प्रकरण का सफलतापूर्वक खुलासा किया। पुलिस टीम ने दोनों आरोपी शालू और विजेंद्र को विधिवत आज दिनांक 23 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *