बीजापुर।बीजापुर जिले के गंगालूर स्थित पोर्टा केबिन में छात्राओं के गर्भवती होने की खबरों को लेकर सर्व आदिवासी समाज की जांच रिपोर्ट सामने आ गई है। जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं, जिनमें सोशल मीडिया पर फैली खबरों को पूरी तरह सही नहीं माना गया है।19 मार्च 2026 को संभागीय अध्यक्ष प्रकाश ठाकुर के नेतृत्व में गठित 9 सदस्यीय टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।

टीम ने छात्राओं, उनके परिजनों और छात्रावास स्टाफ से बातचीत कर पूरी स्थिति को समझा।जांच में सामने आया कि जिस मामले को लेकर चर्चा हो रही थी, उसमें अधिकांश जानकारी अधूरी या भ्रामक थी। रिपोर्ट के मुताबिक, एक छात्रा सितंबर 2025 में घर जाने के बाद वापस छात्रावास नहीं लौटी। वहीं, दो अन्य छात्राएं जुलाई 2025 से ही स्कूल नहीं आ रही थीं और वे अपने मंगेतरों के साथ रह रही थीं।टीम ने यह भी बताया कि इन छात्राओं की मंगनी 3-4 साल पहले पारंपरिक तरीके से हो चुकी थी।हालांकि, जांच के दौरान छात्रावास की व्यवस्था पर गंभीर सवाल भी उठे हैं। वहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं, सीसीटीवी कैमरे लंबे समय से बंद पड़े हैं और छात्राओं के लिए जरूरी नैतिक व स्वास्थ्य शिक्षा का भी अभाव देखा गया।सर्व आदिवासी समाज ने प्रशासन से मांग की है कि छात्रावासों की सुरक्षा व्यवस्था को तुरंत दुरुस्त किया जाए, बंद पड़े सीसीटीवी कैमरे चालू किए जाएं और छात्राओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएं।साथ ही समाज ने लोगों से अपील की है कि बिना पुष्टि के खबरें न फैलाएं, क्योंकि इससे समाज में भ्रम की स्थिति बनती है।