रायपुर। महासमुंद जिले के बागबाहरा स्थित खल्लारी माता मंदिर में हुए रोपवे हादसे को लेकर कांग्रेस ने जांच समिति का गठन किया है। इस हादसे में एक युवती की मौत हो गई, जबकि करीब 16 श्रद्धालु घायल हो गए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने 6 सदस्यीय जांच समिति बनाई है। इस समिति का संयोजक विधायक द्वारिकाधीश यादव को नियुक्त किया गया है।

6 सदस्यीय समिति करेगी मामले की पड़ताल
कांग्रेस द्वारा गठित इस जांच समिति में कई वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है। समिति घटनास्थल का दौरा कर पूरे मामले की जांच करेगी और अपनी रिपोर्ट पार्टी नेतृत्व को सौंपेगी।
संयोजक
- विधायक द्वारिकाधीश यादव
सदस्य
- सराईपाली विधायक चातुरी नंद
- पूर्व प्रभारी महामंत्री (पीसीसी) अमरजीत चावला
- पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर
- पूर्व जिला अध्यक्ष रश्मि चंद्राकर
- प्रदेश कांग्रेस ओबीसी विभाग के अध्यक्ष केशव चंद्राकर

केबल टूटने से नीचे गिरी रोपवे ट्रॉली
नवरात्र के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु खल्लारी माता मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान रोपवे की केबल अचानक टूट गई, जिससे ट्रॉली झटके के साथ नीचे गिर गई। हादसे के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मंदिर प्रबंधन और पुलिस की टीम ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसे में 17 से 18 श्रद्धालु घायल हुए थे, जिनमें से कई को गंभीर चोटें आईं। रायपुर निवासी आयुषी धावरे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।