अकलतरा नगर पालिका के सीएमओ ने नगर पालिका अध्यक्ष दीप्ति रोहित सारथी, पार्षद रुखमणी और पार्षद विवेक सिंह के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए अकलतरा थाने में FIR दर्ज कराई है। सीएमओ का आरोप है कि बिना शासन की अनुमति और बिना परिषद में प्रस्ताव पास कराए, उन्होंने गोपिया तालाब को सुखाने का काम कराया।
सीएमओ के बयान के अनुसार
सीएमओ ने बताया कि भीषण गर्मी के इस समय तालाबों में जल संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। इसके बावजूद नगर पालिका अध्यक्ष और पार्षदों ने जेसीबी मशीन से तालाब को फोड़कर पानी बहा दिया। वार्डवासियों और अन्य पार्षदों ने रोकने का प्रयास किया, क्योंकि इससे क्षेत्र का जल स्तर घट सकता था, नल बंद होने और पेयजल संकट की संभावना थी।
सीएमओ ने कहा कि पहले एक बार तालाब फोड़ने से अध्यक्ष को समझाकर रोका गया था, लेकिन इसके बावजूद वे और पार्षद मनमानी करते हुए तालाब को फोड़ते रहे। इसी आधार पर सीएमओ ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शुरू की जांच
अकलतरा पुलिस ने सीएसपी योगीता खापर्डे के निर्देश पर FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी।
इस मामले ने नगर पालिका में जल संरक्षण और प्रशासनिक अनुशासन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।