अनूपपुर में एनएच-43 पर भीषण सड़क हादसा: कार और ट्रैक्टर की टक्कर में छत्तीसगढ़ के दो लोगों की मौत, दो गंभीर रूप से घायल

अनूपपुर। अनूपपुर जिले के कोतमा थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर गुरुवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सलीम ढाबा के पास हुई इस दुर्घटना में कार सवार एक महिला और चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मृतक और घायल छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ के निवासी बताए जा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब शहडोल से मनेंद्रगढ़ की ओर जा रही तेज रफ्तार कार (क्रमांक सीजी 07 एम 1454) अपने आगे चल रहे डीजल से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा घुसी। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर में चार ड्रम डीजल लदा हुआ था।

इस दुर्घटना में कार चालक 40 वर्षीय दुलारे शर्मा और कार सवार गीता पनिका की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार में सवार 64 वर्षीय हरिशंकर चतुर्वेदी और 33 वर्षीय मीना देवांगन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय अनूपपुर रेफर कर दिया गया है।

हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति निर्मित हो गई थी। सूचना मिलते ही कोतमा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात बहाल कराया और दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने ट्रैक्टर में लदे डीजल को भी जब्त कर लिया है और मामले की विस्तृत विवेचना शुरू कर दी है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *