सरायपाली विद्युत संभाग अंतर्गत 28,655 बीपीएल बिजली कनेक्शन धारीयों पर करीब 49 करोड़ रूपए बकाया है। समाधान योजना में तय समय पर पंजीयन कर अंतर की राशि भुगतान किया तो इन्हें 42.33 करोड़ रूपये की छूट मिलेगी इन्हें केवल 7.05 करोड़ रूपये भुगतान करना होगा।
इस संबंध में कार्यपालन अभियंता टिकेंद्र पटेल ने जानकारी देते हुवे बताया कि
मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना का लाभ सर्वाधिक छुईपाली, बलौदा, पाटसेन्द्री, बसना ग्रामीण, सरायपाली ग्रामीण, गढ़फुलझर और भंवरपुर वितरण केन्द्र के ग्रामीणों को मिलेगा। साय सरकार ने बिजली बिल बकायदारों के लिए राहत भरी योजना की शुरूआत की है। विभाग स्तर पर योजना से राहत देने की पूरी तैयारी में विभाग जुट गया है। योजना के मुताबिक निष्क्रिय बीपीएल उपभोक्ताओं को मूल बकाया में 75 फीसदी और अधिभार में 100 फीसदी छूट दिया जायेगा, निष्क्रिय घरेलू एवं कृषि उपभोक्ताओं को मूल बकाया में अधिकतम 50 फीसदी और अधिभार में 100 फीसदी तक छूट देने की योजना बनाई गई है। बचत रकम को अधिकतम 6 किश्तों में पटाने की छूट है पर छूट का प्रतिशत इसमें कम होते जायेगा।
सरायपाली विद्युत संभाग के कार्यपालन अभियंता श्री टी.के. पटेल ने बताया कि योजना में शामिल होने की अंतिम तिथि 30 जून 2026 तक की है। इसके लिए उपभोक्ता को अभी से पंजीयन कराने की आवश्यकता है। पंजीयन करने केवल बीपी नम्बर और मोबाईल नम्बर ही उपलब्ध कराना होगा। मोर बिजली बिल एप अथवा नजदीकी बिजली ऑफिस में भी पंजीयन की सुविधा उपलब्ध है ।जागरूकता और पंजीयन करने बुधवार से विभाग के प्रत्येक वितरण केन्द्र में साप्ताहिक बाजार व बड़े गांव में शिविर लगाने की शुरुआत कर दी गई है। विभाग ने स्थानीय जनप्रतिनिधि पंचायत प्रतिनिधियों को इस योजना का लाभ लेने विभिन्न माध्यमों से अपील करने का भी आग्रह किया है, ताकि ज्यादा से ज्यादा बिजली उपभोक्ताओं को इस सुनहरे छूट योजना का लाभ मिल सके।सरायपाली बिजली संभाग के 12 वितरण केन्द्रों में सर्वाधिक बीपीएल के 4800 उपभोक्ता छुईपाली वितरण केन्द्र में है। इन पर 8.02 करोड़ का बकाया है, जबकि तय समय में 1.04 करोड़ जमा किया तो इन्हें सीधे 6.99 करोड़ की छूट मिलेगी। बलौदा वितरण केन्द्र में 3842 उपभोक्ताओं पर 6.95 करोड़ का बकाया है, इन्हें केवल 95 लाख जमा करने पर 6.00 करोड़ रूपये की छूट मिल जाएगी। इस प्रकार बसना ग्रामीण वितरण केन्द्र में 3738 उपभोक्ताओं पर 7.10 करोड़ का बकाया है, इन्हें भी केवल 1.04 करोड़ जमा करने पर 6.05 करोड़ रूपये की छूट मिल जाएगी। कार्यपालन अभियंता ने बताया कि बकायादारों में 80 फीसदी कनेक्शनधारी बिजली लगने के बाद से एक बार भी बिल का भुगतान नहीं किया है। योजना के अनुसार उन्हें अधिकतम 30 यूनिट प्रति माह खपत की छूट दी गई थी। इससे अधिक खपत पर बिल का भुगतान करना था जो नहीं किया। बीपीएल कनेक्शन में बेसिक सुविधा के लिए इस्तेमाल किया जाना था पर इसके अतिरिक्त अन्य उपकरण का भी इस्तेमाल किया गया है। जिसके कारण बिल की राशि अधिक हुई एवं भुगतान नहीं किया गया तो कनेक्शन कट जाएंगे बकाया वसूली करने उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी समाधान योजना लागू की गई है। इसके बाद भी यदि बकायादार रहे तो उनकी लाईन काटी जाएगी। समाधान योजना सीमित समय के लिए है. जिसमें अधिकतम छूट और न्यूनतम भुगतान है. ऐसे में इस योजना के लिए समय रहते पंजीयन करना फायदेमंद साबित होगा।
कार्यपालन अभियंता श्री टी.के. पटेल जी ने बताया कि इस योजना के बारे में ज्यादा से ज्यादा प्रचार प्रसार किया जा रहा है ताकि लोग ज्यादा से ज्यादा इसका लाभ ले सके। अभी गांव-गांव शिविर का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मोबाईल में मोर बिजली एप डाउनलोड करके उपभोक्ता स्वंय अपना बिजली बिल भुगतान कर सकते है।