गौधाम संचालन के लिए आवेदन पत्र आमंत्रित

बेमेतरा, 17 मार्च 2026:- कार्यालय उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं, जिला बेमेतरा द्वारा गौधाम संचालन के लिए रुचि की अभिव्यक्ति (EOI) के अंतर्गत आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए हैं। इसके लिए ईओआई जारी करने की तिथि 23 फरवरी 2026 निर्धारित की गई थी । निर्धारित प्रपत्र में आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 23 मार्च 2026, दोपहर 03 बजे तक रखी गई है। इच्छुक संस्थाएँ अपना आवेदन कार्यालय उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएँ, जिला बेमेतरा (छत्तीसगढ़) में कार्यालयीन दिवसों में सुबह 10 बजे से शाम 5:30 बजे तक जमा कर सकती हैं।
निराश्रित गोवंश के संरक्षण का उद्देश्य गौधाम संचालन का मुख्य उद्देश्य निराश्रित एवं घुमंतू गौवंशीय पशुओं की देखभाल, संरक्षण और सुव्यवस्थित प्रबंधन सुनिश्चित करना है। गौधाम में निराश्रित एवं घुमंतू गौवंशीय पशुओं के साथ-साथ गृह विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परीक्षण अधिनियम 2004 (संशोधित 2011) तथा छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण नियम 2014 के अंतर्गत जप्त किए गए गौवंशीय पशुओं को रखा जाएगा। जिला बेमेतरा के अंतर्गत राष्ट्रीय एवं राज्यकीय राजमार्गों पर स्थित गौठानों में गौधाम की स्थापना की जाएगी, जिससे पशुओं को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जा सके।

चयनित संस्थाओं को मिलेगा संचालन का दायित्व
गौधाम संचालन के लिए पात्र संस्थाओं का चयन किया जाएगा। चयनित संस्था को पशुओं की देखभाल, भोजन-पानी की व्यवस्था, अनुश्रवण, अनुशीलन तथा समुचित प्रबंधन की जिम्मेदारी निभानी होगी। इसके साथ ही मानव संसाधन की व्यवस्था, योजना के क्रियान्वयन, नियंत्रण एवं निगरानी से संबंधित कार्य भी संस्था द्वारा किए जाएंगे। इच्छुक संस्थाएँ विस्तृत जानकारी एवं आवेदन पत्र कार्यालय उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएँ, जिला बेमेतरा से कार्यालयीन समय में प्राप्त कर सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *