खूनी मुठभेड़ : दो कुख्यात ढेर, एक जवान शहीद; पुलिस को मिली थी 15 जवानों को मारने की धमकी

Bihar Encounter : मोतिहारी। बिहार के मोतिहारी में सोमवार की देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में दो कुख्यात अपराधी मारे गए हैं। इस दौरान हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में बिहार पुलिस का एक जांबाज जवान भी शहीद हो गया। यह एनकाउंटर चकिया थाना क्षेत्र के सिहोरवा मठ के पास हुआ, जहां करीब एक घंटे तक दोनों ओर से गोलियां चलती रहीं।

धमकी देकर फंसे अपराधी

जानकारी के मुताबिक, इन अपराधियों ने पुलिस को फोन कर खुलेआम चुनौती दी थी। अपराधियों ने धमकी भरे लहजे में कहा था, “अगली न्यूज़ क्या होगी पता है? मुठभेड़ में 10 से 15 पुलिसवालों की मौत और अपराधी फरार। इतनी गोलियां चलेंगी कि…” इस दुस्साहस के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तुरंत एसटीएफ (STF) के साथ मिलकर टीम गठित की गई। पुलिस ने मोबाइल नंबर ट्रेस कर अपराधियों की लोकेशन निकाली और सिहोरवा मठ के पास उन्हें चारों तरफ से घेर लिया।

जवाबी कार्रवाई में दो ढेर, साथी फरार

खुद को घिरा देख अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में कुख्यात अपराधी कुंदन ठाकुर और दिव्यांशु दुबे मौके पर ही ढेर हो गए। हालांकि, इस संघर्ष में पुलिस का एक जवान भी वीरगति को प्राप्त हो गया। अंधेरे का फायदा उठाकर अपराधियों के कुछ अन्य साथी भागने में सफल रहे, जिनकी तलाश में पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

हथियार और कारतूस बरामद

मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से पुलिस ने एक कार्बाइन और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। मारे गए दोनों अपराधियों पर पहले से ही आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज थे। बता दें कि इससे पहले रविवार रात सारण में भी पुलिस ने एक शराब माफिया को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया था, जिससे साफ है कि बिहार पुलिस अब अपराधियों के खिलाफ आर-पार के मूड में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *