Deepika Padukone Oscar 2026 Reality : लॉस एंजेलिस। दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित फिल्म पुरस्कार ’98वें एकेडमी अवॉर्ड्स’ (Oscars 2026) का आयोजन 15 मार्च को डॉल्बी थिएटर में हुआ। इस आयोजन के बीच सोशल मीडिया पर बॉलीवुड एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण की कुछ तस्वीरें तेजी से वायरल होने लगीं, जिनमें वे रेड कार्पेट पर लाल रंग के बेहद खूबसूरत गाउन में नजर आ रही थीं। फैंस के बीच चर्चा शुरू हो गई कि दीपिका ने एक बार फिर ग्लोबल स्टेज पर भारत का मान बढ़ाया है, लेकिन इस चमक-धमक वाली खबर के पीछे की सच्चाई कुछ और ही निकली।
क्या ऑस्कर में पहुंची थीं दीपिका?
वायरल तस्वीरों में दीपिका पादुकोण स्ट्रैपलेस रेड गाउन पहने हॉलीवुड स्टार एम्मा स्टोन के साथ पोज देती दिख रही थीं। हालांकि, बारीकी से जांच करने पर पता चला कि दीपिका पादुकोण इस साल ऑस्कर का हिस्सा नहीं थीं। दरअसल, ये तस्वीरें AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की मदद से तैयार की गई थीं। ये तस्वीरें इतनी असली लग रही थीं कि सोशल मीडिया पर ‘World of Movies’ जैसे कई हैंडल्स ने इसे सच मानकर शेयर कर दिया, जिससे फैंस भ्रमित हो गए।
भारत की तरफ से कौन पहुंचा?
भले ही दीपिका ऑस्कर में नहीं थीं, लेकिन ‘देसी गर्ल’ प्रियंका चोपड़ा ने इस समारोह में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। प्रियंका ने स्पेनिश अभिनेता जैवियर बार्डेम के साथ मिलकर ‘बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म’ का अवॉर्ड प्रेजेंट किया। उनके अलावा ईशा अंबानी भी इस प्रतिष्ठित इवेंट का हिस्सा बनीं।
भारतीय फिल्मों के लिए कैसा रहा यह साल?
भारतीय सिनेमा के लिहाज से ऑस्कर 2026 का सफर थोड़ा निराशाजनक रहा। इस साल किसी भी भारतीय फिल्म को फाइनल नॉमिनेशन में जगह नहीं मिल सकी। हालांकि, फिल्म ‘होमबाउंड’ ने उम्मीद जरूर जगाई थी और टॉप-15 की लिस्ट तक पहुंचने में कामयाब रही, लेकिन अंतिम रेस में पिछड़ गई।