हवाई सफर पर महंगाई की मार: इंडिगो-एअर इंडिया के बाद अब अकासा एयर ने भी बढ़ाया किराया

Air Ticket Price Hike : मुंबई। मध्य पूर्व (Middle East) में ईरान और इजरायल के बीच जारी भीषण युद्ध का असर अब आसमान तक पहुँच गया है। जेट फ्यूल (ATF) की आसमान छूती कीमतों के कारण इंडिगो और एअर इंडिया के नक्शेकदम पर चलते हुए अब अकासा एयर (Akasa Air) ने भी अपने टिकटों के दाम बढ़ाने का एलान कर दिया है। 15 मार्च से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को अब ‘फ्यूल सरचार्ज’ के रूप में अतिरिक्त भुगतान करना होगा।

अकासा एयर का नया किराया गणित
अगर आप कल से फ्लाइट टिकट बुक करने की सोच रहे हैं, तो इन बदलावों को नोट कर लें:

कब से लागू: यह नियम 15 मार्च की रात 12:01 बजे के बाद होने वाली सभी बुकिंग्स पर प्रभावी होगा।

कितना बढ़ा बोझ: यात्रा की दूरी के आधार पर प्रति टिकट ₹199 से लेकर ₹1,300 तक का अतिरिक्त ‘फ्यूल सरचार्ज’ वसूला जाएगा।

किसे मिलेगी राहत: जिन यात्रियों ने 15 मार्च की समय सीमा से पहले टिकट बुक कर लिए हैं, उन पर इस बढ़ी हुई कीमतों का कोई असर नहीं पड़ेगा।

क्यों महंगा हुआ हवाई टिकट?
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें 103 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुँच गई हैं। युद्ध की वजह से सप्लाई चेन प्रभावित होने से विमान ईंधन (Jet Fuel) के दाम तेजी से बढ़े हैं। एयरलाइंस कंपनियों का कहना है कि परिचालन लागत (Operating Cost) बढ़ने के कारण उनके पास यात्रियों पर यह बोझ डालने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा है।

अन्य एयरलाइंस का हाल: कौन कितना वसूल रहा?
सिर्फ अकासा ही नहीं, बल्कि देश की अन्य प्रमुख एयरलाइंस भी किराया बढ़ा चुकी हैं:

इंडिगो (IndiGo): 14 मार्च से ही ₹425 से ₹2,300 तक का सरचार्ज वसूलना शुरू कर दिया है।

एअर इंडिया (Air India): 12 मार्च से घरेलू उड़ानों पर ₹399 और अंतरराष्ट्रीय टिकटों पर करीब 15% तक की बढ़ोतरी कर दी है।

स्पाइसजेट (SpiceJet): कंपनी के फाउंडर अजय सिंह ने सरकार से जेट फ्यूल पर लगने वाले टैक्स (VAT/Excise Duty) में कटौती की मांग की है ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *