रमेश गुप्ता दुर्ग, । जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती के मामले में दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रकरण के चौथे आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले में पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चौकी जेवरा–सिरसा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम समोदा, झेनझरी और सिरसा के मध्य स्थित कृषि भूमि में अवैध रूप से अफीम की खेती किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान खेत में मक्का/भुट्टे की फसल के बीच अफीम के पौधे लगाए गए पाए गए।
संयुक्त पुलिस टीम ने खेत का निरीक्षण कर लगभग 5 एकड़ 62 डिसमिल क्षेत्र में लगी अफीम की फसल को जप्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 8 करोड़ रुपये आंकी गई है। मामले में NDPS एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई।
विवेचना के दौरान पहले विकास बिश्नोई (जोधपुर), विनायक ताम्रकार (दुर्ग) और मनीष उर्फ गोलू ठाकुर (समोदा) को गिरफ्तार किया जा चुका था। जांच में सामने आया कि राजस्थान निवासी छोटू राम (62 वर्ष) ने अफीम की खेती के लिए बीज उपलब्ध कराए थे। इसके बाद पुलिस ने पतासाजी कर आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के पास से नकद 2220 रुपये और एक स्मार्टफोन जप्त किया है। वहीं अन्य आरोपियों से पूर्व में 2 ट्रैक्टर, 2 जेसीबी, 2 मोटरसाइकिल, 1 हार्वेस्टर सहित खेती में प्रयुक्त उपकरण, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये है, जप्त किए जा चुके हैं।
इस कार्रवाई में एसीसीयू दुर्ग, थाना पुलगांव और चौकी जेवरा–सिरसा की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अवैध अफीम खेती मामले में दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चौथा आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार

12
Mar