रायपुर। पद्मश्री, पद्म भूषण और पद्म विभूषण से सम्मानित प्रसिद्ध पंडवानी गायिका तीजन बाई की तबीयत अचानक खराब हो गई है, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए रायपुर एम्स में भर्ती कराया गया है। उन्हें अस्पताल के न्यूरो सर्जरी वार्ड के आईसीयू में रखा गया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए है।
जानकारी के अनुसार 70 वर्षीय तीजन बाई वर्ष 2024 से लकवे से पीड़ित हैं। स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के चलते पिछले करीब 20 दिनों से वे आहार के रूप में केवल जूस और फलों का सेवन कर रही थीं। बीते दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान उनके परिजनों से तीजन बाई के स्वास्थ्य को लेकर चर्चा भी की गई थी।
छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोककला पंडवानी को देश-दुनिया में पहचान दिलाने वाली तीजन बाई कपालिक शैली की विश्व प्रसिद्ध कलाकार हैं। उन्होंने अपनी कला के माध्यम से अब तक करीब 17 देशों में छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।