जमीन विवाद में ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या, महिला समेत 8 आरोपी गिरफ्तार

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। ग्राम सिलमा चिटकाही में विवादित भूमि पर धान बुआई के दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के अधेड़ पर ट्रैक्टर चढ़ाकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला समेत 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिलाषा में जेल भेज दिया है।

धान बुआई के दौरान हुआ खूनी संघर्ष

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया धनेश्वरी पैंकरा और आरोपी भुवनेश्वर पैंकरा के बीच लंबे समय से जमीन विवाद चल रहा था। तहसीलदार और एसडीएम कोर्ट के चक्कर काटने के बाद जमीन का रिकॉर्ड भुवनेश्वर के नाम पर था, लेकिन कब्जा प्रार्थिया के परिवार का था। 13 जून को प्रार्थिया और उसके पति होंश राम ने खेत की जुताई कर धान बोया था। अगले दिन 14 जून को आरोपी पक्ष ट्रैक्टर लेकर वहां पहुंचा और दोबारा जुताई करने लगा। जब होंश राम और उसके बेटों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो विवाद बढ़ गया।

मेड़ से ढकेला और ऊपर चढ़ा दिया ट्रैक्टर

आरोपियों ने लाठी-डंडों और हाथ-मुक्कों से पीड़ित परिवार पर हमला कर दिया। इसी बीच, आरोपी उमेश ने तेज रफ्तार ट्रैक्टर से पहले मृतक के बेटे हेमंत को कुचलने की कोशिश की, जिसने कूदकर अपनी जान बचाई। इसके बाद बाकी आरोपियों ने मेड़ पर खड़े होंश राम को धक्का देकर खेत में गिरा दिया। आरोपी उमेश ने तेजी से ट्रैक्टर लाकर होंश राम को टक्कर मारी। जान बचाने के लिए होंश राम ट्रैक्टर के बम्फर से लटक गए, लेकिन नीचे गिरते ही आरोपी ने उनके ऊपर ट्रैक्टर चढ़ा दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 8 आरोपी सलाखों के पीछे

घटना की सूचना मिलते ही बतौली थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और प्रार्थिया की रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया। डीआईजी और एसएसपी राजेश अग्रवाल के दिशा-निर्देश पर पुलिस ने दबिश देकर वारदात में शामिल सभी 8 मुख्य आरोपियों को धरदबोचा।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम:

  1. भुवनेश्वर पैंकरा (80 वर्ष)
  2. बजरंग लाल (60 वर्ष)
  3. रघुनंदन पैंकरा (52 वर्ष)
  4. मनोज (35 वर्ष)
  5. उमेश (23 वर्ष – ट्रैक्टर चालक)
  6. बोधन पैंकरा (37 वर्ष)
  7. कमलेश्वरी पैंकरा (60 वर्ष)
  8. प्यारी पैंकरा (50 वर्ष)

पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल ट्रैक्टर और लाठी-डंडे भी जब्त कर लिए हैं। इस पूरी कार्रवाई में बतौली थाना प्रभारी विवेक कुमार सेंगर, उपनिरीक्षक आभाष मिंज और साइबर सेल की टीम की मुख्य भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *