बिलासपुर: खपरी राइस मिल में 4504 क्विंटल धान गायब, 25.30 करोड़ मूल्य का धान जब्त, मिल सील

बिलासपुर। ग्राम खपरी में कस्टम मिलिंग कार्य में गंभीर लापरवाही सामने आने पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर गठित जांच दल ने बालकृष्ण फूड्स राइस मिल परिसर में हजारों क्विंटल धान कम पाया।

जांच में 25 करोड़ 30 लाख 3 हजार 400 रुपये मूल्य के 81,614 क्विंटल धान जब्त कर लिया गया और मिल को सील कर दिया गया। यह कार्रवाई तखतपुर विकासखंड के अंतर्गत ग्राम खपरी में संचालित बालकृष्ण फूड्स राइस मिल में की गई है।

शासन के निर्देश पर समितियों से धान उठाव एवं मिलिंग कार्य की सख्त निगरानी की जा रही है। आईसीसीसी कमांड सेंटर के माध्यम से जीपीएस ट्रैकिंग से धान परिवहन पर नजर रखी जा रही है। वाहन के अधिक समय तक रुकने या क्षमता से अधिक धान ले जाने पर पोर्टल पर सूचना मिलती है, जिस पर तत्काल जांच होती है।

इसी क्रम में 15 जनवरी को तखतपुर एसडीएम नीतिन तिवारी एवं सहायक कलेक्टर अरूवंत कुमार के नेतृत्व में जांच दल ने रघुबीर राइस मिल एवं बालकृष्ण फूड्स की जांच की। टीम में तहसीलदार शशांक शुक्ला, सहायक खाद्य अधिकारी अजय कुमार मौर्य, खाद्य निरीक्षक आशीष दिवान एवं श्याम वस्त्रकार शामिल रहे।

भौतिक सत्यापन में पाया गया कि खरीफ वर्ष 2025-26 एवं 2024-25 में मिलर ने कुल 96,863.2 क्विंटल धान का उठाव किया था, जबकि मिल परिसर में केवल 92,358.8 क्विंटल धान उपलब्ध था। इस प्रकार 4,504 क्विंटल धान मौके पर नहीं मिला।

यह कृत्य छत्तीसगढ़ चावल उपार्जन आदेश 2016 का स्पष्ट उल्लंघन है। अनियमितता एवं धान की रिसाइक्लिंग की आशंका को देखते हुए 2,04,035 बोरी यानी 81,614 क्विंटल धान जब्त किया गया। साथ ही बालकृष्ण फूड्स राइस मिल को सील कर दिया गया है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *