रजिस्ट्री कराने आए एफसीआई अधिकारी की कार से 38 लाख चोरी, परिचित समेत चार हिरासत में

रायपुर। राजधानी में जमीन रजिस्ट्री कराने आए एफसीआई के एक अधिकारी की कार से 38 लाख रुपये चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना सिविल लाइंस थाना क्षेत्र स्थित ऑक्सीजोन के पास की है। पुलिस ने रकम बरामद कर ली है और मामले में अधिकारी के एक परिचित सहित चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

मंदिर हसौद निवासी एफसीआई अधिकारी ज्ञानप्रकाश पाण्डेय सोमवार को कलेक्टोरेट स्थित रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वे कार की सीट पर रुपये से भरा बैग रखकर किसी के आने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने बैग पार कर दिया। रकम गायब होने पर अधिकारी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच की टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान एक आरोपी के पास से चोरी की रकम बरामद हुई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अधिकारी जिस परिचित को रुपये की निगरानी के लिए साथ लाए थे, उसी की नीयत रकम देखकर बदल गई। आरोप है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से चोरी को अंजाम दिया।

पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है और जल्द विस्तृत खुलासा करने की बात कही है। घटना सोमवार दोपहर की बताई जा रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *