नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो को बुधवार को गंभीर ऑपरेशनल ब्रेकडाउन का सामना करना पड़ा, जिसके चलते दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद सहित कई प्रमुख एयरपोर्ट्स से दोपहर तक करीब 200 उड़ानें रद्द हुईं। इससे बड़ी संख्या में घरेलू यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
हैदराबाद के लिए विशाखापत्तनम, गोवा, अहमदाबाद, दिल्ली, बेंगलुरु, चेन्नई, मदुरै, हुबली, भोपाल और भुवनेश्वर से आने वाली इंडिगो की उड़ानें रद्द रहीं। वहीं इन शहरों के लिए हैदराबाद से जाने वाली कई उड़ानें भी प्रभावित हुईं।
बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी स्थिति गंभीर रही, जहां 42 घरेलू उड़ानें रद्द की गईं, जिनमें 22 आगमन और 20 प्रस्थान की उड़ानें शामिल थीं। दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, हैदराबाद, गोवा, कोलकाता और लखनऊ के लिए उड़ानों पर भी इसका व्यापक असर पड़ा।
दिल्ली एयरपोर्ट पर इंडिगो की अधिकांश उड़ानें एक से दो घंटे की देरी से रवाना हो रही हैं। एयरलाइन ने इसके पीछे ऑपरेशनल समस्याएं और एयर ट्रैफिक कंजेशन को जिम्मेदार बताया है। पिछले कुछ दिनों से उड़ानों में विलंब की स्थिति बनी हुई है, लेकिन बुधवार को इसका असर सबसे अधिक देखा गया।
सूत्रों का कहना है कि क्रू सदस्यों की कमी भी बड़ी वजह है, हालांकि इंडिगो ने इसे आधिकारिक रूप से खारिज किया है। विलंबित उड़ानों के कारण दिल्ली एयरपोर्ट की समय सारिणी गंभीर रूप से प्रभावित हुई है और लगभग 85 प्रतिशत उड़ानें देरी से संचालित हो रही हैं। कई उड़ानें एक से डेढ़ घंटे तक विलंबित हैं।
इंडिगो ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि तकनीकी समस्याओं, एयरपोर्ट पर भीड़भाड़ और परिचालन संबंधी आवश्यकताओं के चलते उड़ानें प्रभावित हुई हैं। कंपनी ने कहा कि यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानें या धनवापसी का विकल्प उपलब्ध कराया जा रहा है। एयरलाइन ने असुविधा के लिए यात्रियों से क्षमा भी मांगी है।