
दुर्ग जिले में मोहन नगर और सुपेला थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 अंतर्राज्यीय व स्थानीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन कार्रवाइयों में कुल 7.190 किलोग्राम गांजा, एक रॉयल एनफील्ड बुलेट बाइक और मोबाइल फोन सहित करीब 5.18 लाख रुपए का सामान जब्त किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पहली कार्रवाई 18 जनवरी को थाना मोहन नगर क्षेत्र में की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अंडरब्रिज के पास बाके कबाड़ी दुकान के सामने एक व्यक्ति नीले रंग के पिट्ठू बैग में गांजा लेकर बिक्री के लिए खड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर संदिग्ध भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान ओडिसा निवासी चैतन्य सबर (28) के रूप में हुई। तलाशी में उसके पास से 3.160 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 1.58 लाख रुपए बताई गई है।
दूसरी कार्रवाई सुपेला थाना पुलिस ने की। सुबह करीब 6:10 बजे सूचना मिली कि नीली रंग की बुलेट बाइक से दो युवक पिट्ठू बैग में गांजा लेकर दुर्ग से सुपेला-भिलाई की ओर जा रहे हैं। नेहरू नगर जिम गार्डन के पास पुलिस ने घेराबंदी कर बाइक रोकी। बाइक सवारों की पहचान मोहम्मद एजाज (30) और फैजान कुरैशी (35), दोनों निवासी दुर्ग के रूप में हुई। तलाशी में उनके पास से 4.030 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 2 लाख रुपए आंकी गई। साथ ही बुलेट बाइक और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) व 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, सुपेला से गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।