अंबिकापुर। जिले के कला केंद्र मैदान में आयोजित ‘युवा उड़ान’ कार्यक्रम युवाओं के लिए प्रेरणा और मार्गदर्शन का एक सशक्त मंच साबित हुआ। इस विशेष आयोजन में देश के सुप्रसिद्ध गणितज्ञ एवं ‘सुपर 30’ के संस्थापक पद्मश्री आनंद कुमार और विश्वविख्यात लेखक नीलोत्पल मृणाल ने शिरकत की। दोनों दिग्गजों ने सरगुजा के हजारों युवाओं को सफलता, संघर्ष और जीवन के मूल्यों पर महत्वपूर्ण सीख दी।
उड़ान पंखों से नहीं, मेहनत से मिलती है कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि सरगुजा के युवाओं के लिए यह सौभाग्य की बात है कि उन्हें ऐसे प्रेरणादायी व्यक्तित्वों को सुनने का अवसर मिला। उन्होंने युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि उड़ान पंखों से नहीं, बल्कि कड़ी मेहनत और मजबूत संकल्प से मिलती है। लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज और राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर ने भी युवाओं से इन विचारों को अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया।

आनंद कुमार के सफलता के 4 मूल मंत्र सुपर 30 के संस्थापक आनंद कुमार ने युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं में जीत हासिल करने के गुर सिखाए। उन्होंने कहा कि हर बच्चे में अद्भुत हुनर होता है, बस उसे पहचानने की जरूरत है। उन्होंने सफलता के लिए चार मुख्य मंत्र बताए:

- प्रबल प्रयास: जब तक लक्ष्य हासिल न हो, कोशिश जारी रखें।
- सकारात्मक सोच: यह आपको निरंतर आगे बढ़ने की ऊर्जा देती है।
- अथक परिश्रम: बिना रुके और बिना थके मेहनत करना ही एकमात्र रास्ता है।
- असीम धैर्य: सफलता में देरी होने पर निराश न हों, धैर्य के साथ डटे रहें। उन्होंने पढ़ाई को बोझ के बजाय रोमांचक बनाने की सलाह दी और माता-पिता से बच्चों पर अनावश्यक दबाव न डालने की अपील की।
डर से डरने के बजाय संघर्ष की आग में तपना जरूरी प्रसिद्ध लेखक नीलोत्पल मृणाल ने युवाओं में जोश भरते हुए कहा कि एक परीक्षा किसी की तकदीर का फैसला नहीं कर सकती। उन्होंने युवाओं को चेताया कि ‘डिप्रेशन’ को ‘पैशन’ न बनाएं। उन्होंने कहा कि संघर्ष हर व्यक्ति के जीवन का हिस्सा है, इसलिए बहानों के पीछे न छुपें। उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि दूसरों की इच्छाओं का बोझ न ढोएं, बल्कि अपना लक्ष्य खुद तय करें और उस पर अडिग रहें।

कलेक्टर ने साझा किए अनुभव कलेक्टर अजीत वसंत ने अपने विद्यार्थी जीवन की चुनौतियों को साझा करते हुए युवाओं को कठिन परिस्थितियों से लड़कर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, उपाध्यक्ष देवनारायण यादव, सदस्य दिव्या सिंह सिसौदिया, पायल सिंह, महापौर मंजूषा भगत और सभापति हरिमन्दर सिंह टिन्नी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।