रायपुर। रायपुर में कमिश्नर प्रणाली लागू होने के बाद पहली हत्या की घटना सामने आई है। गुरुवार शाम अर्जुन नगर समता कॉलोनी स्थित हाथीराम मंदिर चौक के पास एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान दुर्गेश ध्रुव के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में घटना रामनगर क्षेत्र की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार हमले के दौरान युवक की जांघ में चाकू मारा गया था। गंभीर रूप से घायल दुर्गेश जान बचाकर वहां से भागा और रेलवे पटरी पार कर समता कॉलोनी पहुंचा। हाथीराम मंदिर चौक के पास वह बेहोश होकर गिर पड़ा, जहां अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान के लिए जांच तेज कर दी गई है। विभिन्न स्थानों पर छापेमारी जारी है, हालांकि अब तक आरोपी गिरफ्त में नहीं आ सके हैं।