रायपुर। राजधानी रायपुर के राजातालाब इलाके में नाले के ऊपर बने एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा व्यवस्था की कमी को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। बीते दो दिनों में इस मार्ग पर कई हादसों की जानकारी सामने आने के बाद आम लोगों की जान जोखिम में पड़ने की आशंका जताई जा रही है। इसी मुद्दे को लेकर गुरुवार को युवा कांग्रेस रायपुर उत्तर विधानसभा के कार्यकारी अध्यक्ष नवाज़ खान के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शनकारियों ने एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा जाली और बैरीकेड लगाने की मांग करते हुए प्रशासन और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। युवा कांग्रेस का कहना है कि सुरक्षा उपाय न होने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। संगठन ने आरोप लगाया कि भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार जनता की सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है।
इस मौके पर नवाज़ खान ने कहा कि एक्सप्रेसवे पर तत्काल सुरक्षा बैरीकेड लगाए जाएं, ताकि लोगों की जान की रक्षा हो सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। युवा कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में होने वाली किसी भी दुर्घटना की जिम्मेदारी सरकार और संबंधित विभागों की होगी।