छोटे भाई ने ही कर दी भरोसे की चोरी: बड़े भाई की ज्वेलरी शॉप से उड़ाए 35 लाख के 40 मंगलसूत्र, साथी समेत गिरफ्तार

भाईचारे को शर्मसार करने वाला एक मामला दुर्ग जिले से सामने आया है, जहां एक छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों की चोरी को अंजाम दे डाला। आरोपी ने ग्राहक की भीड़ का फायदा उठाकर दुकान के लॉकर से करीब 35 लाख रुपये मूल्य के 40 सोने के मंगलसूत्र चुरा लिए।

9 महीने से कर रहा था काम, फिर किया भरोसे का कत्ल
घटना स्मृतिनगर पुलिस चौकी क्षेत्र की है। कोहका निवासी रवि सोनी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उसका छोटा भाई राजकुमार सोनी (50 वर्ष) करीब 9 महीने से उसकी ज्वेलरी शॉप में सेल्समैन के रूप में काम कर रहा था। 13 अक्टूबर की शाम जब दुकान में ग्राहकों की भीड़ थी, उसी दौरान राजकुमार ने लॉकर से मंगलसूत्र पार कर दिए।

सीसीटीवी और मोबाइल ट्रैकिंग से पहुंची पुलिस आरोपी तक
शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। त्रिनयन ऐप और सीसीटीवी फुटेज की मदद से राजकुमार की गतिविधियों की पड़ताल की गई। फुटेज में उसे रायपुर की ओर जाते हुए देखा गया। जांच में पता चला कि उसका फुफेरा भाई सुरेंद्र सोनी रायपुर में ज्वेलरी गलाने का काम करता है।

ब्राह्मणपारा स्थित किराए के मकान में मिली बड़ी कामयाबी
पुलिस ने लोकेशन ट्रेस कर दुर्ग के ब्राह्मणपारा इलाके में राजकुमार के किराए के मकान पर दबिश दी और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से:

  • 29 चोरी के मंगलसूत्र
  • गलाए गए 11 मंगलसूत्र से बने दो सोने के बिस्किट
  • नकद 2 लाख रुपये

जब्त किए। शेष मंगलसूत्रों को गलाने की तैयारी चल रही थी।

जेल भेजे गए दोनों आरोपी
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले की जांच अभी जारी है, पुलिस चोरी के बाकी आभूषणों की बरामदगी के प्रयास में लगी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *