अंबिकापुर। शहर के बिलासपुर चौक पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पार कर रहे युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान 38 वर्षीय दीपक मानिकपुरी निवासी मुक्तिपारा के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी और टक्कर के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों को घटना की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पुलिस के अनुसार यह मामला मणिपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिलासपुर चौक का है। घटनास्थल का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसके आधार पर फरार ट्रक चालक और वाहन की पहचान की जा रही है। पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी है और मामले की जांच जारी है।