एक गुलाब की कीमत में मिल सकता है आलीशान बंगला और जेट, जानिए दुनिया के सबसे महंगे फूलों का राज

नई दिल्ली। भारत में गुलाब की खेती एक प्रमुख व्यावसायिक व्यवसाय बन चुका है, जिसमें कर्नाटक, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश अग्रणी राज्य हैं। देश में हाइब्रिड टी, फ्लोरिबंडा और मिनिएचर जैसी किस्मों की खेती बड़े पैमाने पर की जाती है। बेहतर गुणवत्ता के लिए पॉलीहाउस और ड्रिप इरिगेशन तकनीक का उपयोग होता है, वहीं देसी गुलाब खुले खेतों में उगाए जाते हैं। लेकिन वैश्विक स्तर पर गुलाब की कुछ ऐसी दुर्लभ किस्में हैं, जिनकी कीमत सुनकर किसी के भी होश उड़ सकते हैं।

जूलियट रोज: दुनिया का सबसे कीमती गुलाब

मशहूर ब्रीडर डेविड ऑस्टिन द्वारा 15 वर्षों की कड़ी मेहनत के बाद तैयार किया गया जूलियट रोज दुनिया का सबसे महंगा गुलाब माना जाता है। खुबानी रंग के इस आकर्षक गुलाब को वर्ष 2006 में पहली बार दुनिया के सामने लाया गया था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इसकी कीमत लगभग 130 करोड़ रुपये (15.8 मिलियन डॉलर) आंकी गई है। इतनी बड़ी राशि में वर्तमान में कई निजी जेट खरीदे जा सकते हैं। अपनी हल्की चाय जैसी खुशबू और अनूठी सुंदरता के कारण यह पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है।

ब्लू मून और ब्लैक बैकारा का भी है क्रेज

जूलियट रोज के अलावा ब्लू मून रोज भी अपनी दुर्लभता के लिए जाना जाता है। गहरे बैंगनी रंग और मनमोहक खुशबू वाले इस गुलाब की कीमत 5,000 से 9,000 रुपये के बीच होती है। इसी प्रकार ब्लैक बैकारा गुलाब अपनी मखमली और गहरी काली दिखने वाली पंखुड़ियों के लिए विशेष तौर पर सजावट में उपयोग किया जाता है। इसकी कीमत भी अंतरराष्ट्रीय बाजार में 5,000 से 9,000 रुपये तक रहती है।

लग्जरी श्रेणी के अन्य गुलाब

विशेष मौकों और लग्जरी गुलदस्तों के लिए कॉफी ब्रेक रोज और पिंक फ्लॉयड रोज काफी लोकप्रिय हैं। कॉफी ब्रेक रोज अपने अनोखे रंग और लंबे समय तक ताजा रहने की खूबी के कारण 5,000 से 8,000 रुपये में बिकता है। वहीं बड़े और चमकीले गुलाबी फूलों वाला पिंक फ्लॉयड रोज 5,000 से 7,500 रुपये की कीमत तक उपलब्ध होता है। इन गुलाबों की खेती और रखरखाव में लगने वाली मेहनत ही इन्हें इतना कीमती और खास बनाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *