बुधनी (सीहोर)। मध्यप्रदेश के सीहोर जिले अंतर्गत बुधनी के माना इलाके में चायनीज मांझे ने एक व्यक्ति की जान लगभग संकट में डाल दी थी। नयन गार्डन के पास बाइक से ड्यूटी पर जा रहे 43 वर्षीय सुखदेव वर्मा पतंग के जानलेवा मांझे की चपेट में आ गए। मांझा इतना धारदार था कि उसने हेलमेट की सुरक्षा को भी फेल कर दिया।
हेलमेट की बेल्ट कटी, फिर सीधे गले पर वार पीड़ित सुखदेव वर्मा ने बताया कि वे सुरक्षा के लिहाज से हेलमेट पहने हुए थे, लेकिन हवा में लहराते मांझे ने पहले उनके हेलमेट की नीचे लगी बद्दी (स्ट्रैप) को काटा और फिर सीधे गले में धंस गया। मांझा लगते ही गला बुरी तरह कट गया और तेज खून बहने लगा। घटना के वक्त सुखदेव अपनी बाइक से एक अन्य साथी के साथ कंपनी की ड्यूटी पर जा रहे थे।
समय पर अस्पताल पहुंचने से बची जान हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों की मदद से घायल सुखदेव को निजी मधुबन अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि मांझा काफी गहरा लगा था, लेकिन सही समय पर इलाज मिल जाने के कारण उनकी जान बच गई। फिलहाल अस्पताल में उनका उपचार जारी है। इस घटना ने एक बार फिर प्रशासन की सख्ती पर सवाल खड़े कर दिए हैं कि प्रतिबंध के बावजूद बाजारों में चायनीज मांझा कैसे बिक रहा है।