विश्व कप फाइनल: संजू और अभिषेक का प्रहार, शिवम दुबे ने आखिरी ओवर में मचाया हाहाकार; न्यूजीलैंड को मिला 256 रनों का लक्ष्य

T20 World Cup 2026 Final : अहमदाबाद। : आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के हाई-वोल्टेज फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड के सामने जीत के लिए 256 रनों का विशाल लक्ष्य रखा है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 255 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया। भारत की ओर से संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने पारी की तूफानी शुरुआत की, जिसे बाद में शिवम दुबे ने अंतिम ओवर में 24 रन ठोककर अंजाम तक पहुंचाया।

मैदान पर रनों की आतिशबाजी की शुरुआत अभिषेक शर्मा ने की, जिन्होंने मात्र 21 गेंदों में 52 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। उनके आउट होने के बाद भी संजू सैमसन का बल्ला आग उगलता रहा। सैमसन ने 8 छक्कों और 5 चौकों की मदद से शानदार 89 रन बनाए। मध्यक्रम में ईशान किशन ने भी 25 गेंदों में 54 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। हालांकि, 16वें ओवर में जेम्स नीशम ने कहर बरपाते हुए एक ही ओवर में सैमसन, किशन और कप्तान सूर्यकुमार यादव (0) को आउट कर भारत की रफ्तार पर कुछ समय के लिए ब्रेक लगा दिया।

अंतिम क्षणों में शिवम दुबे ने मोर्चा संभाला और महज 8 गेंदों में नाबाद 26 रन कूट डाले। उन्होंने पारी के आखिरी ओवर में 24 रन बटोरकर भारत का स्कोर 250 के पार पहुंचाया। हार्दिक पंड्या ने भी 18 रनों का उपयोगी योगदान दिया। न्यूजीलैंड की ओर से जेम्स नीशम सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3 विकेट चटकाए, जबकि मैट हेनरी और रचिन रवींद्र को 1-1 सफलता मिली। अब न्यूजीलैंड को अपना पहला टी20 विश्व कप खिताब जीतने के लिए 12.8 प्रति ओवर की औसत से रन बनाने होंगे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *