बिलासपुर में तीन बच्चों के साथ महिला रहस्यमयी ढंग से लापता, बस चालक ने महाराणा प्रताप चौक पर उतारने की दी जानकारी

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले से अपने मायके बिलासपुर आने के लिए निकली एक महिला अपने तीन बच्चों के साथ सात दिनों से रहस्यमयी तरीके से लापता है। परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, महिला इलाज कराने के लिए बिलासपुर जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वह न तो अपने मायके पहुंची और न ही उसका कोई सुराग मिल पाया है।

पांडातराई थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 15 निवासी बिसेन कार्निक ने अपनी 26 वर्षीय पत्नी पुष्पनंदनी कार्निक और तीन बच्चों की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। बिसेन ने पुलिस को बताया कि 2 फरवरी को दोपहर करीब 12 बजे उसकी पत्नी तबीयत खराब होने के कारण इलाज कराने और मायके जाने की बात कहकर शारदा बस से बिलासपुर के लिए रवाना हुई थी। शाम करीब 6 बजे जब उसने पत्नी से संपर्क करने की कोशिश की, तो उसके दोनों मोबाइल नंबर बंद मिले। इसके बाद ससुराल पक्ष से पूछताछ करने पर पता चला कि महिला वहां पहुंची ही नहीं है।

परिजनों ने देर रात तक बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और संभावित ठिकानों पर तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। अगले दिन बस चालक से पूछताछ करने पर जानकारी मिली कि उसने महिला और बच्चों को बिलासपुर के महाराणा प्रताप चौक पर उतार दिया था। सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से पुलिस अब महिला की तलाश में जुट गई है।

दूसरी ओर, लापता महिला के पति ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर असंतोष व्यक्त किया है। उसका आरोप है कि पुलिस इस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए जांच में तेजी नहीं दिखाई जा रही है। पीड़ित पति ने शासन और प्रशासन से अपनी पत्नी और बच्चों को जल्द खोजने के लिए मदद की गुहार लगाई है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *