अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस ने सदभावना चौक के पास हुई महिला की हत्या के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी की पहचान कर ली है। पुलिस की कई टीमें सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों के जरिए कातिल की तलाश में जुटी हैं।
अंबिकापुर। दिनांक 03/04/2026 की सुबह थाना कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि सदभावना चौक के पास रिंग रोड किनारे एक मटन दुकान के झाला में महिला का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश कुमार अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में फॉरेंसिक टीम और साइबर सेल के साथ पुलिस बल मौके पर पहुँचा। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 217/2026 धारा 64(2), 103(1) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपी की पहचान पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें घटना की रात मृतिका और आरोपी साथ जाते दिखाई दिए। मृतिका की पहचान के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं, आरोपी की पहचान पांडा उर्फ मिथुन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मृतिका और आरोपी दोनों अंबिकापुर में कबाड़ बीनने का काम करते थे और खानाबदोश जीवन बिताते थे।
रेलवे स्टेशन की ओर भागा आरोपी फुटेज के आधार पर घटना 3 अप्रैल की रात 1 बजे के बाद की है। आरोपी सुबह करीब 05:30 बजे समलाया मंदिर की ओर जाते दिखा और फिर गांधी चौक होते हुए मनेंद्रगढ़ रोड से रेलवे स्टेशन पहुँचा। उसे अंतिम बार सुबह 11:03 बजे रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी में देखा गया। मुखबिरों के अनुसार, आरोपी पैदल ही पिलखा पहाड़ और कमलपुर होते हुए विश्रामपुर रेलवे स्टेशन की ओर भागा है।
पुलिस की अपील: सूचना देने पर करें संपर्क कोतवाली, गांधीनगर और साइबर सेल की टीमें लगातार पेट्रोलिंग और छापेमारी कर रही हैं। आरोपी ने बैगनी रंग की टी-शर्ट, काला पैंट पहना है और सिर पर नीला कपड़ा बांधकर नंगे पैर घूम रहा है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि आरोपी के बारे में कोई भी जानकारी मिले, तो तुरंत इन नंबरों पर सूचित करें:
- थाना कोतवाली: 9479193508
- कंट्रोल रूम अंबिकापुर: 9479193599