बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में शीतकालीन अवकाश गुरुवार को समाप्त हो गया। शुक्रवार से नए रोस्टर के अनुसार नियमित सुनवाई शुरू हो जाएगी। चार डिवीजन बेंच, दो स्पेशल बेंच तथा 14 सिंगल बेंच में मामलों की सुनवाई होगी।
नए रोस्टर के अनुसार, पहली डिवीजन बेंच में चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा तथा जस्टिस अरविंद कुमार वर्मा जनहित याचिकाएं, रिट अपील तथा हैबियस कॉर्पस मामले सुनेंगे। जस्टिस संजय के. अग्रवाल तथा जस्टिस संजय जायसवाल की दूसरी डिवीजन बेंच सभी क्रिमिनल मामले (जो अन्य डिवीजन बेंच में न हों), फैमिली मैटर की फर्स्ट अपील तथा रिट पिटीशन सुनेगी।
जस्टिस संजय अग्रवाल तथा जस्टिस अमित किशोर प्रसाद की तीसरी डिवीजन बेंच सभी सिविल मामले (जो अन्य डिवीजन बेंच में न हों), कंपनी अपील, टैक्स मामले, एक्विटल अपील तथा डिवीजन बेंच के रिट मामले सुनेंगे। जस्टिस रजनी दुबे तथा जस्टिस राधाकिशन अग्रवाल की चौथी डिवीजन बेंच कमर्शियल अपीलेट डिवीजन, जून 2016 से लगे एक्विटल अपील तथा रिट पिटीशन सुनेगी।
इसके अलावा जस्टिस अरविंद कुमार वर्मा की अलग स्पेशल सिंगल बेंच भी निर्धारित की गई है। सिंगल बेंच में जस्टिस पार्थ प्रतिम साहू, जस्टिस दीपक तिवारी, जस्टिस राकेश मोहन पांडेय, जस्टिस जी. गुरु, जस्टिस सचिन सिंह राजपूत तथा जस्टिस रविंद्र कुमार अग्रवाल सहित कुल 14 जज शामिल हैं।